गुजरात तट पर पांच करोड़ रुपये की विदेशी सिगरेट जब्त, चार ईरानी नागरिक गिरफ्तार

गुजरात तट पर पांच करोड़ रुपये की विदेशी सिगरेट जब्त, चार ईरानी नागरिक गिरफ्तार

गुजरात तट पर पांच करोड़ रुपये की विदेशी सिगरेट जब्त, चार ईरानी नागरिक गिरफ्तार
Modified Date: February 22, 2026 / 02:57 pm IST
Published Date: February 22, 2026 2:57 pm IST

अहमदाबाद, 22 फरवरी (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात तट के पास अरब सागर में एक विदेशी नौका से लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट के 200 कार्टन जब्त किए तथा इस संबंध में चार ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।

यह अभियान शनिवार को द्वारका तट के पास चलाया गया, जहां अल मुख्तार नामक एक जहाज से विदेशी कंपनी की सिगरेट के लगभग एक लाख पैकेट वाले 200 कार्टन जब्त किए गए। इस संबंध में जहाज पर सवार चालक दल के चार ईरानी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जब्त की गई सिगरेट का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य 2.5 करोड़ रुपये से पांच करोड़ रुपये के बीच होने का अनुमान है।

तटरक्षक के अनुसार, नौका को आगे की जांच और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चालक दल से संयुक्त पूछताछ के लिए गुजरात के पोरबंदर ले जाया जा रहा है।

इससे पहले, आईसीजी और गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने 16 फरवरी को एक संयुक्त अभियान में गुजरात तट पर 200 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किए थे और इस सिलसिले में दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था।

भाषा गोला सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में