छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में विद्युत संयंत्र में हुए हादसे में चार लोगों की मौत, 15 अन्य घायल
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में विद्युत संयंत्र में हुए हादसे में चार लोगों की मौत, 15 अन्य घायल
सक्ती (छत्तीसगढ़), 14 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक विद्युत संयंत्र के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण चार श्रमिकों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर के ट्यूब में विस्फोट हो गया।
ठाकुर ने बताया कि इस वक्त यह घटना हुई वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस घटना में चार श्रमिकों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और वहां से मजदूरों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि घटना में घायल लगभग 10 मजदूरों को रायगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बॉयलर के आसपास का क्षेत्र बहुत गर्म है, जिसे देखते हुए मजदूरों और कर्मचारियों को वहां से हटा लिया गया है। बॉयलर के सामान्य तापमान में आने और वहां की गर्मी कम होने के बाद तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या में वृद्धि होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
भाषा संजीव खारी
खारी

Facebook


