रांची में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल करने के आरोप में एक अभ्यर्थी समेत चार लोग गिरफ्तार

रांची में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल करने के आरोप में एक अभ्यर्थी समेत चार लोग गिरफ्तार

रांची में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल करने के आरोप में एक अभ्यर्थी समेत चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: May 23, 2026 / 12:52 am IST
Published Date: May 23, 2026 12:52 am IST

रांची, 22 मई (भाषा) झारखंड पुलिस ने रांची के एक केंद्र पर एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान कथित तौर पर उच्च तकनीक की मदद से नकल करने के आरोप में 20 वर्षीय एक अभ्यर्थी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बिहार के रहने वाले हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने के प्रयास की सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार को टाटिसिलवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर गिरफ्तारियां की गईं।

आरोपियों की पहचान सीवान जिले के अभ्यर्थी मृत्युंजय कुमार यादव (20), नालंदा जिले के पर्यवेक्षक संजीत कुमार (25), केंद्र अधीक्षक विकाश कुमार (29) और आईटी कर्मचारी मुन्ना राज (29) के रूप में की गई है और ये सभी बिहार के रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक, रांची (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी ने बताया कि एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने केंद्र का निरीक्षण करते समय पाया कि एक अभ्यर्थी ने परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले कंप्यूटर सिस्टम को फिर से चालू किया था, जो मानक प्रक्रिया का उल्लंघन था।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि सिस्टम तक दूर से पहुंच बनाई जा रही थी।

जांच में पता चला कि केंद्र अधीक्षक और आईटी कर्मचारी ने कथित तौर पर परीक्षा केंद्र से लगभग 50 मीटर दूर एक घर में एक कंप्यूटर सिस्टम स्थापित किया था और इंटरनेट तथा आईपी एक्सेस के माध्यम से सिस्टम को हैक करके प्रश्नों को हल किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि बिहार के एक बिचौलिए ने केंद्र संचालक और कर्मचारियों की मदद से अभ्यर्थी के लिए छह लाख रुपये में यह व्यवस्था की थी।

उन्होंने बताया कि बिचौलिए ने कथित तौर पर अभ्यर्थी के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों को जमानत के तौर पर अपने पास रखा था।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि इस तरह की व्यवस्थाओं के लिए छह लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक की रकम वसूली जा रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कराने में एक संगठित गिरोह शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि टाटिसिलवे थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में