तिरुवनंतपुरम, सात जून (भाषा) केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि कोझिकोड में शिगेला संक्रमण से चार साल की एक बच्ची की मौत के बाद सरकार ने निगरानी और एहतियाती उपाय तेज कर दिए हैं। राज्य में इस बीमारी से मौत का यह पहला मामला है।
यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि संक्रमण के कारण तीन बच्चों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इनमें से दो बच्चे ठीक हो गए और उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि थलाक्कुलाथुर की रहने वाली चार वर्षीय बच्ची ‘नीला’ की शनिवार को मौत हो गई।
मुरलीधरन ने बताया कि शिगेला एक जीवाणु (बैक्टीरियल) संक्रमण है जो मुख्य रूप से आंतों को प्रभावित करता है और इसके कारण दस्त, बुखार और पेट में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘यह बीमारी मुख्य रूप से दूषित भोजन और पानी के माध्यम से फैलती है। इसके प्रसार को रोकने के लिए स्वच्छता के कड़े नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।’
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह अलाप्पुझा और पथनमथिट्टा जिलों में इसके लगभग 123 मामले सामने आए थे।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप