एफटीआईआई ने प्रवेश परीक्षा को फिर से कराने का फैसला लिया
एफटीआईआई ने प्रवेश परीक्षा को फिर से कराने का फैसला लिया
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) ने सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है ताकि समान, निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके और सभी को समान अवसर मिल सके। यह निर्णय हाल ही में दिल्ली केंद्र पर हुई “कुछ परिचालन संबंधी कमियों और बड़ी गड़बड़ी” के बाद लिया गया है।
पुणे स्थित संस्थान ने एक बयान में कहा कि 26 अप्रैल को आयोजित एफटीआईआई प्रवेश परीक्षा (लिखित परीक्षा) की जांच के लिए गठित समिति के निष्कर्षों और सिफारिशों के आधार पर सभी उम्मीदवारों के लिए सभी विषयों में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बयान में कहा गया, ‘राष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह से दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि सभी अभ्यर्थियों को एक समान, निष्पक्ष और विश्वसनीय मूल्यांकन प्रक्रिया सुनिश्चित कर सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान किया जा सके। दिल्ली के परीक्षा केंद्र पर कुछ परिचालन संबंधी खामियां होने और एक बड़ी बाधा आने के कारण परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और अखंडता की समग्र धारणा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई थीं, जिसकी वजह से उस केंद्र पर परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।’
एफटीआईआई ने कहा कि उम्मीदवारों को पंजीकरण की कोई अतिरिक्त औपचारिकता पूरी करने की आवश्यकता नहीं है। उनकी मौजूदा जानकारी ही पुन: परीक्षा के लिए मान्य होगी।
आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत पुनर्परीक्षा कार्यक्रम और प्रवेश पत्र जारी करने की सूचना कम से कम एक महीने पहले दी जाएगी ताकि उम्मीदवार आवश्यक व्यवस्था कर सकें।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 26 अप्रैल को एफटीआईआई प्रशासन ने दिल्ली की एक इमारत में आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया था। यह कदम तब उठाया गया जब प्रश्नपत्र वितरण में देरी के कारण कुछ छात्र ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में घुस गए और कर्मचारियों के साथ हाथापाई की जिससे वहां स्थिति बिगड़ गई थी।
घटना वाले दिन परीक्षा एजेंसी और केंद्र प्रभारी के साथ हुई आपात बैठक में एफटीआईआई प्रशासन ने उस विशेष भवन में अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द कर दी।
घटनास्थल पर पुलिस और एफटीआईआई पर्यवेक्षक मौजूद थे।
परीक्षा की दूसरी पाली के दौरान एफटीआईआई पर्यवेक्षक ने कुछ अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई चिंताओं को दर्ज किया और उस इमारत में आयोजित दूसरी पाली की परीक्षा भी रद्द कर दी गई थी।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


