राजस्थान में ईंधन पर्याप्त, अफवाहों पर नहीं दे ध्यान: एचपीसीएल

राजस्थान में ईंधन पर्याप्त, अफवाहों पर नहीं दे ध्यान: एचपीसीएल

राजस्थान में ईंधन पर्याप्त, अफवाहों पर नहीं दे ध्यान: एचपीसीएल
Modified Date: May 21, 2026 / 02:11 pm IST
Published Date: May 21, 2026 2:11 pm IST

जयपुर, 21 मई (भाषा) हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजस्थान में ईंधन आपूर्ति स्थिर और पर्याप्त है। कंपनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या घबराहट फैलाने वाले संदेशों पर ध्यान न दें।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि राज्यभर के सभी खुदरा आउटलेट सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और ईंधन की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी है।

इस बीच, कांग्रेस नेताओं ने कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की स्थिति होने का आरोप लगाते हुए सरकार से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता की वास्तविक तस्वीर पेश करने की मांग की।

कुछ स्थानों पर पेट्रोल पंपों द्वारा सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल देने की शिकायतें सामने आईं।

एचपीसीएल ने कहा, “हम सभी ग्राहकों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि राजस्थान में ईंधन आपूर्ति स्थिर और पर्याप्त है। खुदरा नेटवर्क में संचालन बिना किसी बाधा के जारी है।”

कंपनी ने बताया कि 1 मई से 20 मई के बीच राजस्थान में ईंधन आपूर्ति में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।

इस अवधि में पेट्रोल की बिक्री 50,575 किलोलीटर (केएल) रही, जबकि ऐतिहासिक बिक्री 42,501 केएल थी, यानी 19 प्रतिशत की वृद्धि। डीजल की बिक्री 1,14,422 केएल रही, जो ऐतिहासिक बिक्री 91,894 केएल से 24.5 प्रतिशत अधिक है।

एचपीसीएल ने कहा कि उसके अधिकारी और टीमें जमीनी स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और डीलरों व ग्राहकों से संवाद कर रही हैं ताकि घबराहट में खरीदारी को रोका जा सके और चिंताओं का समाधान किया जा सके।

कंपनी ने कहा, “आंकड़े स्पष्ट रूप से पर्याप्त उत्पाद उपलब्धता और राज्यभर में आपूर्ति नेटवर्क के सुचारू संचालन को दर्शाते हैं।”

भाषा बाकोलिया

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में