शिक्षा पर जी20 बैठक : अनुसंधान, नवोन्मेष को बढ़ाने पर हुई चर्चा
शिक्षा पर जी20 बैठक : अनुसंधान, नवोन्मेष को बढ़ाने पर हुई चर्चा
अमृतसर, 16 मार्च (भाषा) पंजाब के अमृतसर में शिक्षा पर जी20 देशों के कार्यकारी समूह की बैठक में भाग ले रहे प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को अनुसंधान को बेहतर बनाने, भागीदारी के जरिए नवोन्मेष को बढ़ावा देने तथा क्षमता निर्माण पर विचार-विमर्श किया।
बुधवार को शुरू हुई तीन दिवसीय बैठक में जी20 देशों, अतिथि देशों और यूनीसेफ जैसे आमंत्रित संगठनों के 55 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय उच्च शिक्षा सचिव के. संजय मूर्ति ने की। इस बैठक में प्रतिनिधियों ने ज्ञान साझा करने की महत्ता और साझा वैश्विक चुनौतियों के समाधान तलाशने के लिए भागीदारी करने पर चर्चा की गयी।
बयान के अनुसार, जी20 देशों ने उन समस्याओं की पहचान करने तथा उन्हें हल करने पर जोर दिया जो प्रभावी अकादमिक अनुसंधान भागीदारी में बाधा पहुंचाती हैं।
इसमें अनुसंधानकर्ताओं और छात्रों के आदान-प्रदान, अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान, डेटा निजता और अन्य नैतिक चिंताओं के लिए संयुक्त भागीदारी पर रूपरेखा बनाने की भी चर्चा की गयी।
बैठक में प्रतिनिधियों ने अनुसंधान के क्षेत्र में लैंगिक समानता और लैंगिक समावेशन पर भी जोर दिया।
भाषा गोला अर्पणा
अर्पणा

Facebook


