दिल्ली, एनसीआर में मोबाइल फोन दुकानों में सेंध लगाने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

Ads

दिल्ली, एनसीआर में मोबाइल फोन दुकानों में सेंध लगाने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 06:55 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 06:55 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में मोबाइल फोन दुकानों में सेंध लगाने वाले गिरोह के कथित सरगना को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मेवात से संचालित होने वाले गिरोह का सरगना एक मामले में तीन साल से फरार था और उसे अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान अरमान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के नूंह का रहने वाला है। वह तीन साल से अधिक समय से फरार था और जून 2025 में पटियाला हाउस अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

अधिकारी के मुताबिक, अरमान उस गिरोह का सरगना है जो रात के समय मोबाइल फोन के शोरूम में सेंध लगाने और कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुराकर भागने में माहिर है।

उन्होंने बताया कि यह मामला दिल्ली छावनी क्षेत्र में मोबाइल फोन के एक शोरूम में 15-16 जनवरी 2023 की दरमियानी रात को हुई चोरी से संबंधित है।

उनके मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को फर्जी नंबर प्लेट वाली कार का इस्तेमाल करते पाया गया। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था और चोरी के सामान के साथ-साथ वाहन को भी बरामद कर लिया गया, लेकिन अरमान फरार हो गया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “एक विशेष टीम ने इस मामले पर कई महीनों तक काम किया, जिसमें स्थानीय जानकारी जुटाने के लिए लगभग छह महीने तक मेवात क्षेत्र में एक कर्मी को तैनात करना भी शामिल था। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर, आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई।”

पुलिस ने बताया कि 29 अप्रैल को जब अरमान अकेले अपने गांव से नूंह की ओर निकला तो उसे नूंह अदालत परिसर के पास गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि अरमान आदतन अपराधी है तथा हरियाणा और राजस्थान में दर्ज लूट और चोरी के कम से कम तीन अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त है।

भाषा

नोमान नोमान सुभाष

सुभाष