कम ब्याज दरों पर कर्ज की पेशकश कर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़

Ads

कम ब्याज दरों पर कर्ज की पेशकश कर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़

  •  
  • Publish Date - December 30, 2022 / 07:05 PM IST,
    Updated On - December 30, 2022 / 07:05 PM IST

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो नोएडा स्थित एक कॉल सेंटर में एक बीमा कंपनी के छद्मवेश में कम ब्याज दरों की पेशकश कर कर्ज लेने वाले लोगों को ठगता था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान मोहित शर्मा (31), प्रेम सिंह (33) और मोहम्मद फैसल (37) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ितों को नई खरीदी बीमा पॉलिसी की एवज में कम ब्याज दरों पर ऋण देने का लालच दिया।

पुलिस ने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब पीड़ितों में से एक ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने इसी तरीके का इस्तेमाल कर उनसे 14 लाख रुपये की ठगी की। हालांकि, शिकायतकर्ता को 50 लाख रुपये का ऋण वितरित नहीं किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि जांच के दौरान एक दल को धन के लेन-देन की जानकारी के लिए तैनात किया गया था, जबकि दूसरे दल को उपलब्ध मोबाइल नंबरों के माध्यम से तकनीकी जांच करने का काम सौंपा गया था।

उन्होंने कहा कि आरोपियों के गाजियाबाद, फरीदाबाद और उत्तरपूर्व दिल्ली में होने की जानकारी मिली।

डीसीपी ने बताया कि इसके बाद सोमवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में छापेमारी की गई और आरोपी मोहित शर्मा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न पासबुक, चेकबुक और डेबिट कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि बाद में प्रेम सिंह को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नोएडा में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार किया गया।

भाषा

जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र