जेन-जेड को 2014 से भारत में बुनियादी ढांचे के विकास पर नजर डालना चाहिए : खांडू
जेन-जेड को 2014 से भारत में बुनियादी ढांचे के विकास पर नजर डालना चाहिए : खांडू
ईटानगर, पांच अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को ‘जेन-जेड’ से आग्रह किया कि वे 2014 से भारत में हुए बुनियादी ढांचे के विकास पर नजर डालें।
खांडू ने दावा किया कि देश के मौजूदा बुनियादी ढांचे का 60-70 प्रतिशत हिस्सा पिछले 12 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार द्वारा तैयार किया गया है, जबकि शेष 30-40 प्रतिशत का निर्माण कांग्रेस के छह दशक के शासन के दौरान हुआ।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘जेन-जेड को यह जानना चाहिए। महज 12 वर्षों में भाजपा-नीत सरकार ने भारत के आधुनिक बुनियादी ढांचे का 60-70 प्रतिशत से अधिक निर्माण किया है। शेष 30-40 प्रतिशत का निर्माण कांग्रेस-नीत सरकारों के करीब 60 वर्षों के शासन के दौरान हुआ।’’
मुख्यमंत्री ने नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे के विस्तार के ‘पैमाने’ को रेखांकित करते हुए 2014 के बाद परिवहन, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और साजो-सामान क्षेत्रों में हुई प्रमुख प्रगति को दर्शाने वाले आंकड़े साझा किए।
खांडू द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश ने 2014 के बाद ही 2,843 किलोमीटर लंबे पूरे समर्पित माल ढुलाई गलियारे का विकास किया है। मान्यता प्राप्त 2.30 लाख स्टार्टअप में से 99.8 प्रतिशत स्टार्टअप भी इसी कार्यकाल में शुरू हुए हैं।
आंकड़ों के अनुसार, भारत की 162 गीगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा क्षमता का 98 प्रतिशत और 38,424 करोड़ रुपये मूल्य के रक्षा निर्यात का 98 प्रतिशत पिछले 12 वर्षों में ही हासिल किया गया है।
इसमें यह भी बताया गया कि अंतर्देशीय जलमार्गों की माल ढुलाई क्षमता का 87 प्रतिशत, एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 85 प्रतिशत, राष्ट्रीय जलमार्गों का 84 प्रतिशत और पीएनजी कनेक्शनों का 84 प्रतिशत हिस्सा 2014 के बाद जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बिजली उत्पादन क्षमता का 54 प्रतिशत, कच्चे इस्पात की क्षमता का 51 प्रतिशत, कोयला उत्पादन का 44 प्रतिशत और गैस पाइपलाइन तथा ट्रांसमिशन नेटवर्क का 42-42 प्रतिशत हिस्सा भाजपा-नीत सरकार के कार्यकाल के दौरान निर्मित या विस्तारित किया गया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


