गोवा विधानसभा चुनाव 2027: कांग्रेस, जीएफपी ने गठबंधन पर शुरू की चर्चा, आप ने दिए सहमति के संकेत
गोवा विधानसभा चुनाव 2027: कांग्रेस, जीएफपी ने गठबंधन पर शुरू की चर्चा, आप ने दिए सहमति के संकेत
पणजी, दो अगस्त (भाषा) गोवा में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों कांग्रेस और ‘गोवा फॉरवर्ड पार्टी’ (जीएफपी) ने गठबंधन को लेकर शुरुआती बातचीत शुरू कर दी है। इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) ने भी विपक्षी एकजुटता के तहत साथ आने के संकेत दिए हैं।
‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने रविवार को बताया कि उन्होंने गठबंधन बनाने को लेकर गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई के साथ चर्चा की है।
दोनों नेताओं के बीच यह बैठक शनिवार को दक्षिण गोवा के फतोर्डा शहर में हुई।
कांग्रेस और जीएफपी ने 2022 का गोवा विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ा था।
चोडणकर ने कहा कि शनिवार को हुई बातचीत केवल शुरुआती दौर की थी और पुराने गठबंधन को दोबारा आगे बढ़ाने पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘सीटों के बंटवारे सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को अंतिम रूप देने के लिए हम जल्द ही दोबारा बैठक करेंगे।’
इस दौरान, आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई के अध्यक्ष वाल्मीकि नायक ने भी शनिवार को समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन पर निर्णय लेने के लिए गठित पार्टी समिति के साथ बैठक की।
पत्रकारों से बात करते हुए नायक ने कहा कि ‘आप’ समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ हाथ मिलाने के लिए पूरी तरह तैयार है, क्योंकि उनका ‘मुख्य उद्देश्य राज्य में भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना है।’
40 सदस्यों वाली गोवा विधानसभा के लिए चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है।
भाषा सुमित संतोष
संतोष

Facebook


