गोवा सरकार ने आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया तीन दिवसीय तीर्थ परिपथ

Ads

गोवा सरकार ने आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया तीन दिवसीय तीर्थ परिपथ

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 09:54 AM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 09:54 AM IST

पणजी, 25 जुलाई (भाषा) गोवा पर्यटन विभाग ने ‘गोवा बियॉन्ड बीचेस’ पहल के तहत आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए ‘एकादश तीर्थ यात्रा’ शुरू की है। यह तीन दिवसीय तीर्थ परिपथ है, जो राज्य के 11 प्रमुख मंदिरों को जोड़ता है।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को उत्तरी गोवा के खांडोला स्थित श्री महागणपति मंदिर में पर्यटन मंत्री रोहन ए. खाउंटे, गोवा पर्यटन विकास निगम (जीटीडीसी) के अध्यक्ष केदार जे. नाइक और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस तीर्थ परिपथ का उद्घाटन किया।

पर्यटन विभाग ने गोवा पर्यटन विकास निगम (जीटीडीसी) के सहयोग से इस तीर्थयात्रा मार्ग पर संचालित होने वाली दो समर्पित बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सावंत ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गोवा की सांस्कृतिक पहचान केवल इसके समुद्र तटों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके मंदिरों, चर्चों और विरासत स्मारकों में भी झलकती है।

उन्होंने कहा, “‘एकादश तीर्थ यात्रा’ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इन पवित्र स्थलों को जानने और समझने के लिए प्रोत्साहित करेगी। हमें लोगों को राज्य के हर हिस्से की यात्रा के लिए प्रेरित करने वाली ऐसी पहलों को लगातार मजबूत करते रहना चाहिए।”

खाउंटे ने कहा, ‘कई लोग गोवा को केवल इसके समुद्र तटों से जोड़कर देखते हैं, लेकिन राज्य में इसके अलावा भी बहुत कुछ है। हम पर्यावरण-पर्यटन, साहसिक पर्यटन, दूर-दराज के क्षेत्रों के अनुभवों और ‘होमस्टे’ के माध्यम से पर्यटन का विस्तार कर रहे हैं।’

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी