गोवा यौन कांड : भाजपा ने आरोपी के पार्षद पिता की कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं

गोवा यौन कांड : भाजपा ने आरोपी के पार्षद पिता की कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं

गोवा यौन कांड : भाजपा ने आरोपी के पार्षद पिता की कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं
Modified Date: March 30, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: March 30, 2026 9:05 pm IST

पणजी, 30 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई ने कथित यौन कांड में गिरफ्तार आरोपी के पार्षद पिता की कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट कर सोमवार को विपक्षी दल पर सवाल उठाए।

भाजपा ने इन तस्वीरों का हवाला देते हुए पूछा कि क्या यही कारण है कि विपक्षी दल ‘‘अलग कहानी गढ़ने के लिए इतना सक्रिय’’ है।

दक्षिण गोवा के कुर्चोरेम नगर परिषद के सदस्य सुशांत नाइक के बेटे सोहम नाइक (20) को नाबालिग लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार करने, उनके अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें प्रसारित करने के आरोप में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, गोवा बाल अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।

भाजपा का कहना है कि पार्षद सुशांत नाइक का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उसने कांग्रेस पर भी इस तरह के आरोप लगाने के लिए हमला किया।

सोमवार को, प्रदेश भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी शुभम पारसेकर ने ‘एक्स’ पर राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर और विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ के साथ सुशांत नाइक की दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पारसेकर ने पूछा, ‘‘क्या यही कारण है कि कांग्रेस ने अलग कहानी गढ़ने के लिए इतनी सक्रियता दिखाई?’’

संपर्क करने पर पाटकर ने कहा कि यह तस्वीर 2021 में तत्कालीन कुर्चोरेम कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कल सावंत द्वारा आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट की है। पाटकर ने कहा कि आरोपी के पिता को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के सार्वजनिक समारोह की तस्वीर का मतलब ‘‘राजनीतिक या व्यक्तिगत संबंध’’ नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा मामले का जवाब देने के बजाय घटिया दुष्प्रचार, ध्यान भटकाने और चरित्र हनन का सहारा ले रही है। पाटकर ने दावा किया, ‘‘यह भाजपा के दुष्प्रचार तंत्र का मूलमंत्र है।’’

सोहम नाइक मामले की जांच अपराध शाखा कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक चार लड़कियों ने आरोपी के खिलाफ बयान दर्ज कराए हैं।

भाषा आशीष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में