सरकार नरेला में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के नए परिसर की स्थापना की दिशा में काम कर रही:रेखा गुप्ता
सरकार नरेला में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के नए परिसर की स्थापना की दिशा में काम कर रही:रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) को नरेला में प्रस्तावित शिक्षा केंद्र में एक नया परिसर प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है।
विश्वविद्यालय में परिचय कार्यक्रम-2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रस्तावित परिसर में और अधिक छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
उन्होंने कहा, ‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सिर्फ 1,000 नहीं, बल्कि दिल्ली और देश भर से बड़ी संख्या में छात्राएं यहां पढ़ सकें।’
गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार आईजीडीटीयूडब्ल्यू को नरेला में प्रस्तावित शिक्षा केंद्र में एक नया परिसर प्रदान करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही है।
छात्राओं को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा, ‘आज छात्राओं के लिए एक नई यात्रा शुरू हो रही है। एक ऐसी यात्रा जो एक ही समय में उत्साह और चिंता पैदा कर सकती है। लेकिन मुझे यकीन है कि आज की लड़कियां अपने सपनों को पूरा करने में सक्षम हैं।’
साल 2013 में स्थापित, आईजीडीटीयूडब्ल्यू एशिया का पहला सरकार द्वारा संचालित महिला तकनीकी विश्वविद्यालय है।
उन्होंने कहा कि इसने इस धारणा को चुनौती दी कि तकनीकी शिक्षा पुरुष-प्रधान क्षेत्र है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन है कि हमारी बेटियां सभी क्षेत्रों में नेतृत्व करेंगी। मैं उन्हें अग्रिम बधाई देना चाहती हूं।’
इस कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद थे।
सूद ने कहा कि आईजीडीटीयूडब्ल्यू ने नवाचार और प्रौद्योगिकी में अपना नाम स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्राओं ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से करोड़ों रुपये का पैकेज हासिल किया है।
मंत्री ने कहा, ‘‘हमें यह समझने की जरूरत है कि पितृसत्ता क्या है। हम ‘हैशटैग’ के जरिए पितृसत्ता को खत्म नहीं कर सकते। यह तब टूटेगी जब आईजीडीटीयूडब्ल्यू की बेटियां कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठेंगी और भारत की सुरक्षा प्रणाली के लिए ‘एआई एल्गोरिदम’ लिखेंगी।’’
इस कार्यक्रम में ‘आईजीडीटीयूडब्ल्यू टाइम्स’ का अनावरण भी किया गया। इसमें विश्वविद्यालय की यात्रा और इसकी छात्राओं की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई है।
भाषा नोमान
नोमान संतोष
संतोष

Facebook


