सरकार का संकल्प देश के युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है: अमित शाह

Ads

सरकार का संकल्प देश के युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है: अमित शाह

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 02:11 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 02:11 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि युवाओं का कल्याण और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी है।

मंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामलों की सुनवाई में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा त्वरित अदालतें स्थापित करने का निर्णय उनकी इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक के जरिए युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह अहम कदम एक मील का पत्थर साबित होगा।’’

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं का कल्याण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

नीट परीक्षा में गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों के ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल होने के तीन दिन बाद मोदी ने युवाओं से संपर्क साधा।

मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे कई छात्र घायल हो गए। विरोध मार्च को रोकने की कोशिश में 100 से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

मोदी ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में यह भी कहा कि सरकार ने प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए त्वरित अदालत बनाने का फैसला किया है।

मोदी ने कहा, ‘‘हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। हमारे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी