मिज़ोरम के राज्यपाल ने गहन आवास सूचीकरण तथा आवासीय जनगणना शुरू की
मिज़ोरम के राज्यपाल ने गहन आवास सूचीकरण तथा आवासीय जनगणना शुरू की
आइजोल, 16 अप्रैल (भाषा) मिज़ोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्य के लोक भवन से देश की पहली डिजिटल जनगणना के तहत आवास सूचीकरण तथा आवासीय जनगणना की शुरूआत की। अधिकारियों ने इसकी सूचना दी।
इस पहल के तहत मिज़ोरम भी देश में चल रहे जनगणना के पहले चरण में शामिल हो गया है जो कि 15 मई तक चलेगा।
राज्यपाल ने क्षेत्र में कार्यरत सभी पदाधिकारियों को मेहनत और ईमानदारी से अपना काम करने के लिए कहा और साथ ही यह भी निर्देश दिया कि कोई भी घर ना छूटे।
सिंह ने जनगणना कर्मचारियों से पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से जनता को समझाने का अनुरोध किया ताकि प्रत्येक व्यक्ति तथा आवास को अंकित किया जा सके।
उन्होंने साथ ही जनता से भी यह अनुरोध किया कि वे जनगणना अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान, लोक भवन के लिए नियुक्त जनगणना कर्मचारी एच. लालरेमरुआती ने 7 अप्रैल को स्वयं-गणना द्वारा जारी राज्यपाल के स्वयं-गणना आईडी के जरिए राज्यपाल को आधिकारिक गणना सूची में शामिल किया।
इस आयोजन में जनगणना संचालन निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया जिनमें नगर आयुक्त तथा मुख्य जनगणना अधिकारी जोसेफ एच. लालरामसंगा, अपर सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) और नोडल अधिकारी इरिन जोहलिमपुई शामिल रहे।
भाषा नरेश

Facebook


