बेंगलुरु, 14 जनवरी (भाषा) आरक्षण की मांग को लेकर पंचमसाली समुदाय के ताजा विरोध-प्रदर्शन के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार आरक्षण के मुद्दे पर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
पंचमसाली समुदाय ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के तहत ‘2ए’ श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग के साथ एक बार फिर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह समुदाय राज्य में प्रमुख लिंगायत जाति का एक उप-संप्रदाय है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल कांग्रेस पर जाति की राजनीति के जरिये फायदा उठाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार आरक्षण के मुद्दे पर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है…पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा रिपोर्ट सौंपे जाने के एक सप्ताह के भीतर इसे कैबिनेट के सामने रखा गया और सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी गई। मांगों के आधार पर उन समुदायों को दूसरी श्रेणी के तहत शामिल करने और उनका आरक्षण बढ़ाने की घोषणा की गई।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह सही दिशा में पहला कदम है और यह उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाषा शफीक माधव
माधव