सरकार पिताओं को बच्चों की देखभाल, पोषण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित कर रही: माझी

सरकार पिताओं को बच्चों की देखभाल, पोषण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित कर रही: माझी

सरकार पिताओं को बच्चों की देखभाल, पोषण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित कर रही: माझी
Modified Date: September 29, 2026 / 07:56 pm IST
Published Date: September 29, 2026 7:56 pm IST

भुवनेश्वर, 29 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार बच्चों की देखभाल और पोषण में पिताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

माझी ने कहा कि एक सुपोषित राज्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

भुवनेश्वर के बरमुंडा स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र में राज्यस्तरीय ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माझी ने कहा कि सरकार ने महिलाओं और बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण संबंधी कल्याण में सुधार के प्रयासों में माताओं के अलावा पिताओं को भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

माझी ने बच्चे के जीवन के पहले 1,000 दिनों के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों की देखभाल में पिताओं और परिवार के अन्य सदस्यों की अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जागरूकता और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिये ओडिशा एक सुपोषित राज्य बनेगा।

माझी ने जमीनी स्तर पर सेवाएं देने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, सहायक नर्स (एएनएम) और आशा कार्यकर्ताओं की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने, खासकर बच्चों के टीकाकरण और संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा राज्य में शिशु और मातृ मृत्यु दर कम करने में योगदान दिया है।

माझी ने कहा कि राज्य के कुल बजट का कम से कम 40 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है। इसके तहत सुभद्रा योजना, लखपति दीदी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी पहल लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल किट वितरित किए और स्वस्थ भोजन की प्रस्तुति में भाग लेने वाले पिताओं को सम्मानित किया।

उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया।

माझी ने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिदा और एकाम्र-भुवनेश्वर के विधायक बाबू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में