सरकार इंजीनियरिंग बायोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू करेगी
सरकार इंजीनियरिंग बायोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू करेगी
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) सरकार देश में इंजीनियरिंग बायोलॉजी में अपनी तरह का पहला पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सिंह ने आगे कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय विज्ञान संस्थान ने भी चिकित्सा स्कूल शुरू करने के लिए मंत्रालय को प्रस्ताव सौंपे हैं।
मंत्री ने नीति आयोग के एक कार्यक्रम में कहा, “मैं इंजीनियरिंग बायोलॉजी में एक पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा कर रहा हूं, जो भारत में अपनी तरह का पहला पाठ्यक्रम होगा।’’
सिंह ने बताया कि अल्ट्रासाउंड या उन्नत एमआरआई करना अब केवल रेडियोलॉजिस्ट तक ही सीमित नहीं है। भविष्य में, ऐसी प्रक्रिया के दौरान एक इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर भी रेडियोलॉजिस्ट के साथ काम कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपना खुद का स्वतंत्र और मजबूत मेधा निर्माण पारिस्थितिकी का निर्माण करना होगा।’’
मंत्री ने भारत के जैव अर्थव्यवस्था में वैश्विक नेतृत्व प्राप्त करने और 2047 तक 2600 अरब अमेरिकी डॉलर की जैव अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक रणनीतिक खाका भी साझा किया।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


