मराठा समुदाय की स्वीकार की गई सभी मांगों को सरकार पूरा करेगी: फडणवीस
मराठा समुदाय की स्वीकार की गई सभी मांगों को सरकार पूरा करेगी: फडणवीस
छत्रपति संभाजीनगर, 17 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के भूख हड़ताल समाप्त करने के फैसले का बृहस्पतिवार को स्वागत किया और कहा कि सरकार ने उनकी 13 में से 12 मांगें पहले ही स्वीकार कर ली हैं और इनमें से प्रत्येक मांग को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ‘हैदराबाद मुक्ति संग्राम दिवस’ जिसे ‘मराठवाड़ा मुक्ति दिवस’ भी कहा जाता है, के अवसर पर छत्रपति संभाजीनगर में ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
जरांगे द्वारा सुबह भूख हड़ताल समाप्त करने के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘ मुझे खुशी है कि मनोज जरांगे ने हमारे अनुरोध के बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। हमने उनकी 13 में से 12 मांगें पहले ही स्वीकार कर ली हैं। बची हुई मांग के संबंध में हमने उससे जुड़े न्यायिक मुद्दों को स्पष्ट किया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर सरकार या उसकी उप-समिति द्वारा किए गए वादे पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ फैसले पहले ही लिए जा चुके हैं, लेकिन उनसे जुड़े प्रशासनिक मुद्दों का समाधान किया जाना बाकी है और हम ऐसा करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा मराठा समुदाय के प्रति सकारात्मक रही है और उसके दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ चाहे मैं हूं या एकनाथ शिंदे (उपमुख्यमंत्री), हमारे कार्यकाल में मराठा समुदाय को सबसे अधिक मिला है।’’
जरांगे ने बृहस्पतिवार सुबह घोषणा की थी कि उन्होंने 20 दिन से जारी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि तीन महीने में मराठा आरक्षण से जुड़ी उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को मुंबई तक ले जाएंगे।
फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और इस अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं महाराष्ट्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी अपना जन्मदिन नहीं मनाते, इसलिए हमने इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। ‘सेवा सप्ताह’ के माध्यम से हम अलग-अलग तरीकों से लोगों की सेवा करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें उनकी जरूरत की चीजें मिलें।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा यूपीआई से जुड़े मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करने के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि उन्हें (गांधी को) इस विषय की समझ नहीं है और उन्होंने केवल वही पढ़ा है जो उन्हें दिया गया था।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यूपीआई को लेकर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है और उसे दोहराने की जरूरत नहीं है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


