रांची में आरएसएस कार्यालय पर बम हमले के मामले में ईडी ने चार राज्यों में मारे छापे
रांची में आरएसएस कार्यालय पर बम हमले के मामले में ईडी ने चार राज्यों में मारे छापे
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जून में रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए बम हमले से जुड़े मामले में धनशोधन की जांच के तहत बृहस्पतिवार को चार राज्यों में छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दिल्ली, बिहार, झारखंड और कर्नाटक में कई परिसरों में छापे मारे गए।
उन्होंने बताया कि यह जांच जून में झारखंड की राजधानी में आरएसएस कार्यालय पर हुए बम हमले से जुड़े मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी से जुड़ी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को दो लोगों को कथित तौर पर संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना रांची के निवारणपुर क्षेत्र में हुई थी।
आरएसएस ने आरोप लगाया था कि उसके कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके गए थे, इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


