ग्रेटर नोएडा: विश्वविद्यालय में छात्रा पर हमले का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी निष्कासित

ग्रेटर नोएडा: विश्वविद्यालय में छात्रा पर हमले का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी निष्कासित

ग्रेटर नोएडा: विश्वविद्यालय में छात्रा पर हमले का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी निष्कासित
Modified Date: May 5, 2026 / 11:26 pm IST
Published Date: May 5, 2026 11:26 pm IST

नोएडा, पांच मई (भाषा) ग्रेटर नोएडा के एक निजी विश्वविद्यालय में एक छात्रा द्वारा दूसरी छात्रा को थप्पड़ मारने और गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि, पुलिस ने मंगलवार को कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

वहीं बेनेट विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि यह घटना दो छात्राओं के बीच का विवाद था और यह रैगिंग का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

रजिस्ट्रार अजय कुमार यादव ने एक बयान में कहा, ‘प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि यह घटना एक ही बैच की दो छात्राओं के बीच का विवाद है, रैगिंग नहीं। आरोपी के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे निष्कासित कर दिया गया है। घटना की व्यापक जांच जारी है।’

वीडियो में एक कमरे में छात्राओं का एक समूह दिख रहा है, जहां कथित तौर पर एक छात्रा दूसरी छात्रा को बार-बार ‘सॉरी’ कहने का निर्देश दे रही है, और कह रही है कि हर माफी के बदले उसे एक थप्पड़ मारा जाएगा।

इसके बाद एक अन्य छात्रा पीड़िता को पकड़कर थप्पड़ मारती दिखाई देती है जबकि अन्य छात्राएं यह सब देखती रहती हैं।

दादरी थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत दर्ज होने पर कार्रवाई की जाएगी।’

इस बीच सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाषा अविनाश आशीष

आशीष


लेखक के बारे में