वडोदरा, तीन अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सोमवार को जीत दर्ज कर यह सीट अपने पास बरकरार रखी। भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतगणना के सभी 20 दौर पूरे होने के बाद सतीश पटेल को 55,481 मत मिले, जबकि भीखाभाई रबारी को 24,851 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार ने 30,630 मतों के अंतर से यह जीत हासिल की।
मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे वडोदरा के मकरपुरा क्षेत्र में स्थित भवन्स स्कूल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।
गौरतलब है कि 30 जुलाई को हुए इस उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यह उपचुनाव भाजपा विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण आवश्यक हो गया था। योगेश पटेल का लंबी बीमारी के कारण दो जून को निधन हो गया था।
भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा था। चुनाव में केवल यही दो उम्मीदवार थे।
इस जीत के साथ 182-सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा की संख्या बढ़कर 162 हो गई है। कांग्रेस के 12 विधायक हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के पांच, दो निर्दलीय और समाजवादी पार्टी का एक विधायक है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश