अहमदाबाद, 13 फरवरी (भाषा) गुजरात सरकार ने शुक्रवार को आगामी जनगणना दो चरणों में कराने की घोषणा की।
पहले चरण में आवासीय इकाइयों की गिनती की जाएगी, जिसे गृह सूचीकरण अभियान (एचएलओ) कहा जाता है और उसके बाद जनगणना की जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, गृह सूचीकरण अभियान का पहला चरण इस वर्ष अप्रैल से सितंबर तक चलेगा जबकि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा।
विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य सरकार ने हाल ही में जनगणना अधिनियम 1948 की धारा चार और जनगणना नियम 1990 के नियम तीन के अनुसार इस महत्वपूर्ण कार्य को करने के लिए जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति की है।
सरकार ने कहा कि जनगणना अधिकारियों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें ताकि यह प्रक्रिया सुचारू रूप से, सटीक रूप से व निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न हो सके।
सरकार ने जनगणना को देश का सबसे बड़ा प्रशासनिक और सांख्यिकीय कार्य बताया तथा निवासियों से अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने व प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल