गुजरात के मुख्यमंत्री ने 583 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

गुजरात के मुख्यमंत्री ने 583 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

गुजरात के मुख्यमंत्री ने 583 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
Modified Date: September 24, 2026 / 09:21 pm IST
Published Date: September 24, 2026 9:21 pm IST

अहमदाबाद, 24 सितंबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बृहस्पतिवार को आयोजित ‘सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान’ के तहत अहमदाबाद में 583.85 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी।

राज्य सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, 279.80 करोड़ रुपये की लागत वाली छह परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 304.05 करोड़ रुपये की छह अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।

यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पटेल ने नवनिर्मित मकानों के आवंटन के लिए ड्रॉ में भी हिस्सा लिया और 450 से अधिक सहायक तकनीकी पर्यवेक्षकों तथा करीब 50 कनिष्ठ लिपिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

पटेल ने कहा कि सात अक्टूबर को मोदी के जनसेवा, जनकल्याण और समर्पण की 25 वर्ष की यात्रा पूरी होने पर ‘सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान’ का आयोजन देशभर में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थापित विकास की राजनीति के केंद्र में हमेशा आम आदमी रहा है।’

उन्होंने कहा कि मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छता अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है, जबकि आयुष्मान भारत योजना ने महंगे इलाज के वित्तीय बोझ को कम करके आम परिवारों की मदद की है।

नीति आयोग की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय प्रबंधन के मामले में गुजरात देश में शीर्ष पर है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में