गुजरात के मुख्यमंत्री ने एआई सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की

गुजरात के मुख्यमंत्री ने एआई सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की

गुजरात के मुख्यमंत्री ने एआई सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की
Modified Date: February 21, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: February 21, 2026 7:49 pm IST

अहमदाबाद, 21 फरवरी (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की शनिवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि भाजपा का विरोध करने के लिए पार्टी ने भारत का ही विरोध करने का रास्ता अपना लिया है।

पटेल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि कांग्रेस भारत के युवाओं के मन में संदेह पैदा करने की कोशिश कर रही है और केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए एआई शिखर सम्मेलन का विरोध कर रही थी।

पटेल ने कहा कि पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में, ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की शानदार सफलता के माध्यम से दुनिया ने एक नये भारत के उदय को देखा है। भारत के युवाओं के सपने नयी ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं। इस पहल ने स्टार्टअप और उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार अवसर पैदा किए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जो लोग इस उपलब्धि और इस शिखर सम्मेलन के माध्यम से भारत की वैश्विक स्तर पर उभरती छवि को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, वे इसका विरोध कर रहे हैं। केवल भाजपा का विरोध करने के लिए कांग्रेस ने भारत का ही विरोध करने का रास्ता अपना लिया है। ऐसा करके कांग्रेस अपनी मानसिक अस्थिरता को उजागर कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि जब भी भारत की शान दुनिया भर में गूंजती है, तो कांग्रेस पार्टी की यह पुरानी आदत रही है कि वह उसका विरोध करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब जब देश के युवाओं के लिए विकास के नए रास्ते खुल गए हैं, तब वे (कांग्रेस) उनके मन में संदेह पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए एआई शिखर सम्मेलन का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस को ऐसे कृत्यों पर शर्म आनी चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए।’’

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया था।

दिल्ली की एक अदालत ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के आयोजन स्थल पर प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को शनिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

भाषा देवेंद्र वैभव

वैभव


लेखक के बारे में