गुजरात सरकार ने 28 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया

गुजरात सरकार ने 28 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया

गुजरात सरकार ने 28 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया
Modified Date: July 21, 2026 / 05:10 pm IST
Published Date: July 21, 2026 5:10 pm IST

अहमदाबाद, 21 जुलाई (भाषा) गुजरात सरकार ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 28 अधिकारियों का तबादला कर दिया। जूनागढ़ नगर निगम के आयुक्त प्रभव जोशी को पदभार संभालने के करीब दो महीने बाद गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने 28 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नयी नियुक्तियों संबंधी अधिसूचना जारी की।

प्रभव जोशी की जगह गुजरात खेल प्राधिकरण के सचिव आई. आर. वाला को जूनागढ़ नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

दाहोद के जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) स्मित संतोष लोढ़ा का तबादला कर उन्हें सूरत नगर निगम का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी के प्रबंध निदेशक जी.एच. मकवाना को उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

कौशल विकास निदेशक के.जे. राठौड़ को दक्षिण गुजरात विज कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह गुजरात वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पी.बी. राठौड़ को कौशल विकास निदेशक बनाया गया है।

पोरबंदर नगर निगम के आयुक्त एच.जे. प्रजापति का तबादला कर उन्हें अमरेली का जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सूरत शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एस.आर. रमेशचंद्र को पोरबंदर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।

गुजरात राज्य समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश जानी को गुजरात शहरी आजीविका मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

सहकारी समितियों के निबंधक एम.पी. पंड्या का तबादला कर उन्हें गुजरात मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के.पी. जोशी को देवभूमि द्वारका का जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) नियुक्त किया गया है, जबकि गुजरात मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक डी.के. ब्रह्मभट्ट को गांधीनगर का जिला विकास अधिकारी बनाया गया है।

गुजरात पर्यटन निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक के.एस. झांला को डांग्स-आहवा का जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) नियुक्त किया गया है।

गुजरात पंचायत सेवा चयन बोर्ड के सचिव एम.के. जोशी का तबादला कर उन्हें गुजरात विकास सहायता एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में