खरगे, राहुल ने प्रधानमंत्री के आवास के पास धरना दिया, बात करने पहुंचे जितेंद्र सिंह

खरगे, राहुल ने प्रधानमंत्री के आवास के पास धरना दिया, बात करने पहुंचे जितेंद्र सिंह

खरगे, राहुल ने प्रधानमंत्री के आवास के पास धरना दिया, बात करने पहुंचे जितेंद्र सिंह
Modified Date: July 21, 2026 / 05:04 pm IST
Published Date: July 21, 2026 5:04 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया।

इसके कुछ देर बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से धरना खत्म करने का आग्रह किया।

सिंह के साथ गृह सचिव गोविंद मोहन भी थे।

प्रधानमंत्री के आवास ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ और ‘छात्रों को न्याय दो’ के नारे लगाए।

इस धरने में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा और कई अन्य सांसद शामिल हैं।

धरना शुरू होने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।

इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और पद से इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा कि छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भी त्यागपत्र देना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात नहीं करने दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए। ’’

इससे पूर्व आज दिन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात भी की।

भाषा हक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में