गुजरात में दो साल में गो तस्करी के 629 मामले; 1810 लोग गिरफ्तार किये गए: राज्य सरकार

गुजरात में दो साल में गो तस्करी के 629 मामले; 1810 लोग गिरफ्तार किये गए: राज्य सरकार

गुजरात में दो साल में गो तस्करी के 629 मामले; 1810 लोग गिरफ्तार किये गए: राज्य सरकार
Modified Date: February 25, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: February 25, 2026 9:16 pm IST

गांधीनगर, 25 फरवरी (भाषा) गुजरात सरकार ने बुधवार को विधानसभा को बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य भर में गायों और बीफ के परिवहन से संबंधित 629 मामले दर्ज किये गए और इस संबंध में 1,810 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 1,800 गायों को बचाया गया।

बजट सत्र में, प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कानून और न्याय राज्य मंत्री कौशिक वेकारिया ने कहा कि वध के लिए गायों की तस्करी में शामिल लोगों और बीफ के परिवहन में लिप्त पाये जाने वालों के खिलाफ राज्य भर में सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।

मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में लगभग 54,000 किलोग्राम बीफ जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि इसी अवधि में, ऐसे अपराधों में इस्तेमाल किए गए 433 वाहन जब्त किए गए, जिनमें से 339 की नीलामी हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि निवारक उपायों के तहत, 184 व्यक्तियों पर असामाजिक गतिविधियां रोकथाम (पीएएसए) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि 50 व्यक्ति निष्कासित किये गए।

वेकारिया ने बताया कि इसके अलावा, प्रवर्तन कार्रवाई के तहत आरोपियों से जुड़ी लगभग 6 करोड़ रुपये की 39 संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया गया।

वह उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की ओर से जवाब दे रहे थे जिनके पास गृह विभाग भी है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गायों की तस्करी और उनके वध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है और गो संरक्षण कानून – गुजरात पशु संरक्षण (संशोधन) अधिनियम, 2017 के तहत दर्ज मामलों में कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए जिलों में विशेष लोक अभियोजकों की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने सदन को बताया कि अकेले अमरेली जिले में पिछले दो वर्षों में 12 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 21 आरोपियों को दोषी करार दिया गया। इनमें से तीन को आजीवन कारावास, 11 को 10 वर्ष की कैद और तीन को सात वर्ष की कैद की सजा सुनाई गई।

उन्होंने बताया कि दोषियों से कुल 43 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

मंत्री ने बताया कि महिसागर जिले में पिछले दो वर्षों में आठ मामले दर्ज किए गए।

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में