गुजरात: मामले के नाट्य रुपांतरण के लिये जैश के तीन सदस्यों को बनासकांठा के गांव ले जाया गया
गुजरात: मामले के नाट्य रुपांतरण के लिये जैश के तीन सदस्यों को बनासकांठा के गांव ले जाया गया
अहमदाबाद, छह जुलाई (भाषा) गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) द्वारा पिछले सप्ताह गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को जांच के सिलसिले में सोमवार को बनासकांठा जिला स्थित उनके गांव ले जाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन कथित सदस्यों को एटीएस ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था।
आरोपी भाइयों अहमद अब्दुल्ला (19) और मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला (22) तथा उसके मामा इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा (30) को एटीएस की हिरासत में कड़ी सुरक्षा के बीच पालनपुर तालुका के भागल गांव लाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एटीएस का दल पहले भाइयों के घर गया और बाद में घटनाक्रम को फिर से समझने के लिए उन्हें घाघा के घर ले जाया गया।
ये तीनों उन आठ कथित जैश सदस्यों में शामिल हैं जिन्हें एटीएस ने तीन जुलाई को गुजरात और उससे सटे मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया था।
एटीएस के अनुसार, आरोपी चरमपंथी विचारधारा फैलाने के साथ ही गुजरात में आतंकी नेटवर्क बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए वे सदस्यों की भर्ती करने का प्रयास कर रहे थे तथा जैश ए मोहम्मद के दुष्प्रचार का गुजराती में अनुवाद कर पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में थे।
गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से सात को गुजरात से और एक को मध्यप्रदेश से पकड़ा गया।
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश

Facebook


