गुजरात: रंगाई मिल के भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन श्रमिकों की मौत
गुजरात: रंगाई मिल के भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन श्रमिकों की मौत
सूरत (गुजरात), सात मार्च (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में एक रंगाई मिल में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (ईटीपी) के भूमिगत टैंक की सफाई के लिए उसमें घुसे तीन श्रमिकों की संदिग्ध रूप से दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में उपचार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात को पांदेसरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘पारस प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड’ में हुई, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को शुक्रवार को दी गई।
पुलिस निरीक्षक जेआर चौधरी ने बताया कि सोनू पासवान (23), दिलीप पासवान (19) और संदीप पासवान (23) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर महेंद्र पासवान का एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि ये सभी श्रमिक बिहार के रहने वाले थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ईटीपी टैंक में घुसते ही चारों बेहोश हो गए और उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।’’
अधिकारी ने बताया कि गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों और फॉरेंसिक अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए उनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
भाषा
गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


