गुजरात हर जिले, शहर में मादक पदार्थ विरोधी शाखा का गठन करेगा: पुलिस महानिदेशक
गुजरात हर जिले, शहर में मादक पदार्थ विरोधी शाखा का गठन करेगा: पुलिस महानिदेशक
अहमदाबाद, छह सितंबर (भाषा) गुजरात पुलिस राज्य के हर जिले और पुलिस आयुक्तालय में एक खास ‘मादक पदार्थ रोधी शाखा’ बनाएगी, ताकि नशीले पदार्थ से जुड़े अपराधों के खिलाफ लड़ाई को तेज एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके। राज्य के पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक ने यह जानकारी दी।
रविवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार, नई इकाइयां खास तौर पर स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत आने वाले अपराधों से निपटने के लिए विशेष कार्यबल के तौर पर काम करेंगी और उन्हें सात दिनों के भीतर काम शुरू करने का आदेश दिया गया है।
मलिक की ओर से सभी पुलिस आयुक्त कार्यालयों, पुलिस महानिरीक्षकों (रेंज) और जिला पुलिस अधीक्षकों को जारी आदेश के अनुसार, ऐसी हर शाखा में आठ कर्मचारी होंगे — एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, दो सहायक उपनिरीक्षक/मुख्य आरक्षी और चार आरक्षी।
हर इकाई को एक अलग वाहन और चालक भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला स्तर पर, मादक पदार्थ विरोधी शाखा पुलिस अधीक्षक की देखरेख में काम करेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, अहमदाबाद और सूरत में दो-दो इकाइयां बनायी जायेंगी, जबकि वडोदरा और राजकोट शहरों में संयुक्त/अतिरिक्त पुलिस आयुक्त की देखरेख में एक-एक इकाई होगी।
एक अलग शाखा बनाने से हालांकि स्थानीय थानों की एनडीपीएस मामलों की जांच करने की जिम्मेदारी कम नहीं होगी। आदेश में स्थानीय पुलिस को खास तौर पर निर्देश दिया गया है कि वे मादक पदार्थ से जुड़े अपराधों का पता लगाने और उन्हें दर्ज करने के लिए सघन और व्यवस्थित प्रयास जारी रखें।
आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर मादक पदार्थ निरोधक शाखा की जांच के दौरान स्थानीय पुलिस कर्मियों की लापरवाही, दायित्व निर्वहन में कोताही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात सरकार ने कहा कि इस फैसले का मकसद मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ राज्य में चल रहे अभियान को ज्यादा केंद्रित और परिणामोन्मुख बनाना है।
सरकार ने बताया कि गुजरात पुलिस ने पिछले पांच सालों में एनडीपीएस के तहत 3,700 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं और 5,346 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान, 13,600 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के 1.36 लाख किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किये गए।
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत

Facebook


