गुरुग्राम:पत्नी, चार बच्चों की हत्या के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की
गुरुग्राम:पत्नी, चार बच्चों की हत्या के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की
(तस्वीरों के साथ)
गुरुग्राम (हरियाणा), तीन मई (भाषा) गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और चार बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को जब इस व्यक्ति का भाई रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौटा तो उसने परिवार के इन सदस्यों को पहली मंजिल पर बेहोश पड़ा पाया।
पुलिस के अनुसार वह तत्काल उन्हें अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने महिला और चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी व्यक्ति की पहचान नाजिम (35) तथा जान गंवाने वालों की पहचान उसकी पत्नी नजमा (35) तथा उनके बच्चे इकरा (14), शिफा (11), अयान (9) और खदीजा (6) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का निवासी नाजिम वजीरपुर गांव में किराये के एक मकान में रहता है और गढ़ी हरसारू गांव में एक हेयर सैलून चलाता है।
पुलिस के मुताबिक कथित रूप से नाजिम और नजमा के बीच अक्सर झगड़े होते थे और शनिवार रात काम से लौटने के बाद नाजिम का अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया।
पुलिस के अनुसार नाजिम का भाई जब घर पहुंचा तब उसने देखा कि नाजिम खून से लथपथ था एवं कराह रहा था जबकि उसकी पत्नी एवं बच्चे कमरे में मृत पड़े थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती नाजिम ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी एवं बच्चे नहीं रहना चाहते थे।
सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने कहा, ‘‘घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन ऐसा जान पड़ता है कि घर में कुछ कलह चल रही थी जिसकी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। नाजिम ने अपनी पत्नी और बच्चों को जहर देकर मारा या या गला घोंटकर – यह जांच का विषय है। हमने शवों को शवगृह में रखा है और सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।’’
पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार को शव सौंप दिये।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


