कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने भारी वाहनों के लिए यातायात परामर्श जारी किया

Ads

कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने भारी वाहनों के लिए यातायात परामर्श जारी किया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 08:49 PM IST

गुरुग्राम, नौ अगस्त (भाषा) कांवड़ियों और डाक कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने भारी वाहनों के लिए यातायात परामर्श जारी किया है। यह परामर्श नौ से 11 अगस्त तक प्रभावी रहेगा, ताकि यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही हो सके।

परामर्श के अनुसार, दिल्ली से गुरुग्राम होते हुए राजस्थान तथा हरियाणा के झज्जर, रेवाड़ी, पटौदी, नूंह और फरीदाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मुख्य मार्गों से बचने और इसके बजाय द्वारका एक्सप्रेसवे तथा कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

गुरुग्राम पुलिस ने परामर्श में कहा, ‘कांवड़ियों, डाक कांवड़ियों, आम जनता और वाहन चालकों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके, इसके लिए मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रा सुचारू रूप से चल सके।’

डाक कांवड़िया वह श्रद्धालु होता है जो हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक बिना विश्राम किए पहुंचता है। ऐसे श्रद्धालु अक्सर तेज गति से यात्रा पूरी करते हैं।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश