गुरुग्राम स्टैंड-अप शो विवाद: महिला आयोग ने कॉमेडियन और वेब डेवलपर को तलब किया
गुरुग्राम स्टैंड-अप शो विवाद: महिला आयोग ने कॉमेडियन और वेब डेवलपर को तलब किया
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग ने बृहस्पतिवार को कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को तलब किया। आयोग का आरोप है कि गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान की गई कुछ टिप्पणियां महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न और उनकी सहमति के बिना संबंध बनाने जैसी हरकतों को सामान्य या महिमामंडित करने वाली प्रतीत होती हैं।
खबरों और घटना के वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने कहा कि उनकी अध्यक्ष विजया रहाटकर ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा है तथा सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रीय महिला आयोग ने हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो से जुड़ी व्यापक मीडिया कवरेज और वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें एक महिला के प्रति यौन उत्पीड़न और उसकी सहमति के बिना संबंध बनाने जैसी हरकतों को महिमामंडित करने वाली टिप्पणियां सार्वजनिक रूप से की गईं और इस पर दर्शकों ने तालियां भी बजाईं।
आयोग ने भारतीय न्याय संहिता और अन्य प्रावधानों के तहत प्राथमिकी की स्थिति, संबंधित लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई, वायरल वीडियो की जांच और प्रमाणीकरण तथा आयोजकों, कलाकारों व अन्य की भूमिका से जुड़े विवरण मांगे हैं।
आयोग ने राज्य पुलिस से यह भी जानकारी मांगी है कि सार्वजनिक मनोरंजन मंचों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न, दबावपूर्ण व्यवहार या उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हरकतों को बढ़ावा देने, प्रोत्साहित करने अथवा सामान्य बनाने के लिए न हो, इसके लिए क्या कदम प्रस्तावित किए गए हैं।
महिला आयोग ने कहा कि इस मामले में 22 जून को शाम चार बजे सुनवाई निर्धारित की गई है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब जांगड़ा ने शो के दौरान एक मेल-मुलाकात का किस्सा सुनाया, जिसमें उन्होंने चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च किए थे। जांगड़ा के अनुसार, जब युवती ने उनसे उसे घर छोड़ने के लिए कहा, तो उन्होंने बिरयानी पर खर्च किए गए रुपयों के बदले उससे यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव रख दिया। मोरे को जांगड़ा की इस टिप्पणी पर हंसते हुए देखा गया।
बाद में सोशल मीडिया पर भारी आलोचना के बाद मोरे और जांगड़ा दोनों ने माफी मांगी और जांगड़ा ने अपना इंस्टाग्राम खाता भी निष्क्रिय कर दिया। गुरुग्राम की एक कंपनी ने भी उनकी ‘‘370 रुपये बिरयानी’’ वाली टिप्पणी को लेकर उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
भाषा
खारी नरेश
नरेश

Facebook


