गुरुग्राम: कार-ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत, चार अन्य घायल
गुरुग्राम: कार-ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत, चार अन्य घायल
गुरुग्राम, पांच नवंबर (भाषा) गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब चार बजे गढ़ी हरसरू फ्लाईओवर पार करते समय एक्सप्रेसवे पर यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि तेज रफ़्तार कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। हादसे के तुरंत बाद चालक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है और गुरुग्राम सेक्टर 10 ए थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मौसिम, आरिफ, साहिल और रिहान ऑटो रिक्शा में सवार होकर एमजी रोड स्थित एक सैलून से लौट रहे थे। उसने बताया कि ऑटो रिक्शा चलाक का नाम भी साहिल था और रेलवे रोड के रास्ते सेक्टर 89 की ओर जाते समय उसका भाई राजू भी उसमें सवार हो गया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑटो चालक साहिल (27) और आरिफ (30) को मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायल मौसिम, रिहान, राजू और साहिल का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वे हादसे की जांच के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे से प्राप्त तस्वीरों का विश्लेषण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तस्वीरों के आधार पर कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने कार को ज़ब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।’’
भाषा यासिर धीरज
धीरज

Facebook


