लाहौल-स्पीति में खड़ी गाड़ी के पीछे खिसककर खाई में गिरने से गुरुग्राम की महिला और उसके बेटे की मौत

लाहौल-स्पीति में खड़ी गाड़ी के पीछे खिसककर खाई में गिरने से गुरुग्राम की महिला और उसके बेटे की मौत

लाहौल-स्पीति में खड़ी गाड़ी के पीछे खिसककर खाई में गिरने से गुरुग्राम की महिला और उसके बेटे की मौत
Modified Date: June 19, 2026 / 03:14 pm IST
Published Date: June 19, 2026 3:14 pm IST

शिमला/गुरुग्राम, 19 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले में खड़े किए गए एक वाहन के कथित तौर पर पीछे की ओर लुढ़ककर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला और उसके 11 महीने के बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गुरुग्राम (हरियाणा) निवासी 26 वर्षीय तनु कुमारी और उनके पुत्र दक्ष कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार को ग्राम्फू के पास कोकसर–रोहतांग मार्ग पर हुआ, जब परिवार मनाली से लाहौल एवं स्पीति की ओर यात्रा करते हुए प्राकृतिक दृश्य देखने के लिए कुछ देर रुका था।

बताया गया है कि चालक सहित अन्य यात्री वाहन से बाहर उतरकर आसपास का दृश्य देखने लगे, जबकि तनु कुमारी वाहन के अंदर बैठकर अपने शिशु को दूध पिला रही थीं, इस दौरान वाहन अचानक ढालान पर पीछे की ओर खिसक गया और खाई में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक पीछे की ओर फिसली। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को मनाली अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तनु कुमारी और उनके पुत्र को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में 52 वर्षीय सविता देवी घायल हुई हैं और उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि हादसे का स्थल कोकसर से रोहतांग की ओर लगभग 8 किलोमीटर ऊपर स्थित है, जहां दुर्गम भू-भाग और खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आई।

लाहौल एवं स्पीति जिला हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है, लेकिन जनसंख्या के लिहाज से यह देश के सबसे कम आबादी वाले क्षेत्रों में शामिल है।

पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन पार्क करते समय हैंडब्रेक लगाया गया था या नहीं।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में