जबरन वसूली के मामले में गुवाहाटी निवासी व्यक्ति गिरफ्तार, हथियार बरामद

जबरन वसूली के मामले में गुवाहाटी निवासी व्यक्ति गिरफ्तार, हथियार बरामद

जबरन वसूली के मामले में गुवाहाटी निवासी व्यक्ति गिरफ्तार, हथियार बरामद
Modified Date: July 5, 2026 / 06:17 pm IST
Published Date: July 5, 2026 6:17 pm IST

गुवाहाटी, पांच जुलाई (भाषा) गुवाहाटी में जबरन वसूली के एक मामले की जांच के दौरान 39 साल के एक व्यक्ति को भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

गुवाहाटी पुलिस ने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट में बताया कि दो जुलाई को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रगज्योतिषपुर पुलिस थाने के एक दल ने यह गिरफ्तारी की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित को धमकाया, उसके साथ मारपीट की और उसे गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा; इसके बाद उससे तीन लाख रुपये वसूले और उसकी कार ज़ब्त कर ली।

पुलिस ने बताया कि बोंडा इलाके के चापाइदोंग में आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान उसे गिरफ़्तार किया गया, पीड़ित की कार बरामद की गई और एक खोखा मिला, जिससे इस आरोप की पुष्टि होती है कि वारदात के समय चेतावनी के तौर पर गोली चलाई गई थी।

तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी ज़ब्त किए गए, जिनमें एक पिस्तौल, तीन राइफल, 360 से ज़्यादा कारतूस, 80 खोखे, तीन मोबाइल फ़ोन और एक हथियार का लाइसेंस शामिल है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी और पीड़ित पहले व्यापार में साझेदार थे।

उन्होंने बताया कि कथित तौर पर पीड़ित को धमकाया गया, उसके साथ मारपीट की गई, उससे कागजात पर दस्तखत करवाए गए और जबरदस्ती तीन लाख रुपये डिजिटल माध्यम से अंतरित करवाए गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर है और असम में उसके खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि हथियारों के लाइसेंस की जांच की जा रही है, साथ ही जांचकर्ता हथियारों की गैर-कानूनी खरीद से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच कर रहे हैं।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में