हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचने, उनकी शिकायतों को उठाने का आह्वान किया

Ads

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचने, उनकी शिकायतों को उठाने का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 07:59 PM IST

चंडीगढ़, 11 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रभारी संजय दत्त ने शनिवार को संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को तेज करें तथा अनुशासन और समर्पण के साथ काम करें।

दत्त ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हरियाणा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें कीं। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में आयोजित बैठकों के दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज लगातार उठाती रहेगी।

संजय दत्त ने पार्टी कार्यकर्ताओं से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उन्हें पार्टी के मंच के माध्यम से उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल द्वारा दिए गए संगठनात्मक निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाना चाहिए।

बैठक में पार्टी के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। दत्त ने आश्वासन दिया कि रचनात्मक सुझावों को पार्टी की संगठनात्मक रणनीति में शामिल किया जाएगा।

बाद में हरियाणा कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर एक ज्ञापन सौंपा।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत