हरियाणा : आईजी के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगी की कोशिश, एक गिरफ्तार

हरियाणा : आईजी के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगी की कोशिश, एक गिरफ्तार

हरियाणा : आईजी के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगी की कोशिश, एक गिरफ्तार
Modified Date: July 22, 2026 / 12:26 am IST
Published Date: July 22, 2026 12:26 am IST

गुरुग्राम, 21 जुलाई (भाषा) हरियाणा के नूंह में पुलिस ने दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओम प्रकाश नरवाल के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों को गुमराह करने और साइबर ठगी की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर लोगों का विश्वास जीतने के लिए आईजी नरवाल की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई थी।

पुलिस ने बताया कि नियमित सोशल मीडिया निगरानी के दौरान आईजी के नाम से संचालित एक संदिग्ध फेसबुक खाता सामने आया।

जांच के दौरान आईजी कार्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) प्रकोष्ठ के प्रभारी ने पुष्टि की कि यह आईजी नरवाल का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट नहीं है। इसके बाद नूंह के साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नूंह जिले के दोहा गांव निवासी दिनेश के रूप में हुई है।

नूंह पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर खुद को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में पेश करने का प्रयास किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इस फर्जी खाते का इस्तेमाल किसी व्यक्ति से ठगी करने के लिए किया था।’’

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी प्रोफाइल बनाने की बात स्वीकार कर ली है और उससे आगे पूछताछ की जा रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत धीरज

धीरज


लेखक के बारे में