‘डबल इंजन’ सरकार के तहत हरियाणा तेज गति से विकास कर रहा: मुख्यमंत्री सैनी

‘डबल इंजन’ सरकार के तहत हरियाणा तेज गति से विकास कर रहा: मुख्यमंत्री सैनी

‘डबल इंजन’ सरकार के तहत हरियाणा तेज गति से विकास कर रहा: मुख्यमंत्री सैनी
Modified Date: September 6, 2026 / 08:46 pm IST
Published Date: September 6, 2026 8:46 pm IST

भिवानी, छह सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि ‘डबल-इंजन’ सरकार हरियाणा के विकास को तीन गुना तेजी से आगे बढ़ा रही है।

बवानी खेड़ा में ‘विकास संकल्प’ रैली को संबोधित करते हुए सैनी ने इलाके के सर्वांगीण विकास के लिए एक विस्तृत प्रारूप पेश किया।

इस मौके पर सैनी ने लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

सैनी ने जोर देकर कहा कि भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार (यानी केंद्र और हरियाणा, दोनों जगह भाजपा सरकार) अब राज्य के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में बवानी खेड़ा निर्वाचन क्षेत्र में 1,446 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल में केवल 609.58 करोड़ रुपये के काम हुए थे।

सैनी ने पिछले 12 वर्षों में इलाके में कई महत्वपूर्ण विकास पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी के भिवानी-हांसी सेक्शन का काम 1,322 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपये में किया गया।

हरियाणा की महिला एवं बाल विकास, सिंचाई और जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व वाली सरकार राज्य के कल्याण और समाज के हर वर्ग के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। श्रुति दिवंगत नेता सुरेंद्र सिंह की बेटी और दिवंगत नेता बंसी लाल की पोती हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में