हरियाणा : व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ नहर में कूदा

हरियाणा : व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ नहर में कूदा

हरियाणा : व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ नहर में कूदा
Modified Date: May 4, 2026 / 03:36 pm IST
Published Date: May 4, 2026 3:36 pm IST

फरीदाबाद, चार मई (भाषा) फरीदाबाद के ढीग फतेहपुर बिल्लोच गांव के पास आगरा नहर में एक व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ कथित तौर पर कूद गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि शवों को बरामद करने के लिए तलाश अभियान जारी है।

यह घटना रविवार रात को हुई। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, व्यक्ति का अपनी पत्नी के साथ लगातार विवाद था, जिससे वह तनाव में था। हालांकि, परिवार ने इस मामले में और कोई जानकारी नहीं दी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उन्हें नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने दो बच्चों के साथ आगरा नहर में कूद गया है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ और दमकल विभाग को सूचना दी।

उन्होंने कहा, “इस व्यक्ति की मोटरसाइकिल आगरा नहर पर बने पुल पर खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि वह पलवल के असावती गांव का निवासी है। मोटरसाइकिल पर पलवल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी है। तलाश जारी है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।”

यह वही नहर है जिसमें शनिवार को फरीदाबाद के सेक्टर 17 पुल से एक दंत चिकित्सक ने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। 20 घंटे की लंबी खोज के बाद, टीम ने रविवार को नहर से चिकित्सक का शव बरामद किया। पता चला कि चिकित्सक ने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद यह कदम उठाया था।

भाषा तान्या मनीषा नोमान

नोमान


लेखक के बारे में