हरियाणा: फरीदाबाद में अपनी कार में मृत मिले दो भाई
हरियाणा: फरीदाबाद में अपनी कार में मृत मिले दो भाई
फरीदाबाद, सात मार्च (भाषा) हरियाणा में फरीदाबाद के नवीन नगर इलाके में खड़े एक वाहन के अंदर एक पूर्व सैन्यकर्मी और उनके एक भाई मृत पाए गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पूर्व सैनिक कुंदन कुमार (44) और दिव्यांग रंजन कुमार (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों बिहार के छपरा जिले के मूल निवासी थे और पिछले लगभग 10 वर्षों से रोशन नगर इलाके में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, दोनों भाई शुक्रवार सुबह अपनी कार से घर से निकले थे और जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने बताया कि उन्हें स्थानीय निवासियों से यह सूचना मिली थी कि नवीन नगर इलाके में अगवानपुर मार्ग पर काफी समय से एक कार खड़ी है।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया, ‘‘स्थानीय निवासियों ने बताया कि कार वहां सुबह करीब 10 बजे से खड़ी थी।’’
पुलिस ने कहा कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।
पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामले की जांच की जारी है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


