हरियाणा: पुलिसकर्मी ने तेज गति कार से ई-रिक्शा को टक्कर मारी, महिला की मौत

हरियाणा: पुलिसकर्मी ने तेज गति कार से ई-रिक्शा को टक्कर मारी, महिला की मौत

हरियाणा: पुलिसकर्मी ने तेज गति कार से ई-रिक्शा को टक्कर मारी, महिला की मौत
Modified Date: February 12, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: February 12, 2026 3:02 pm IST

अंबाला, 12 फरवरी (भाषा) गुरुग्राम में कथित तौर पर तेज गति से कार चला रहे एक पुलिसकर्मी (हेड कांस्टेबल) ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे ई-रिक्शा सवार 24 वर्षीय महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसी कार से कुचलकर उसकी मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि जान गंवाने वाली महिला एक निजी कंपनी की कर्मचारी थी।

यह घटना बुधवार शाम को अंबाला छावनी में काली पलटन पुल के पास हुई। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान निकिता बजाज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, निकिता बुधवार को अपने भाई हर्ष बजाज के साथ दिल्ली से ट्रेन से अंबाला पहुंची थीं। रात करीब 8:30 बजे, भाई-बहन एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए छावनी से अंबाला शहर तक ई-रिक्शा से गए।

ई-रिक्शा जब अंबाला शहर के पास पहुंच रहा था तभी लालकुर्ती थाने में तैनात हेड कांस्टेबल द्वारा तेज गति से चलाई जा रही होंडा सिटी कार ने उनके ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बेकाबू हो गया और निकिता सड़क पर गिर पड़ीं, जिसके बाद कार उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गई।

निकिता को अंबाला शहर के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ई-रिक्शा चालक रविंदर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि बस टर्मिनल से चार यात्रियों को लेकर वह अंबाला शहर की ओर जा रहा था, तभी एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी।

उसने कहा, ‘‘एक पुलिसकर्मी तेज गति से कार चला रहा था। टक्कर के कारण महिला सड़क पर गिर गई और पुलिसकर्मी द्वारा चलाई जा रही कार उनके ऊपर से गुजर गई।’

सिंह ने बताया कि कुछ स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों और महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय पुलिसकर्मी नशे की हालत में था। परिजनों ने पुलिस पर अपने सहकर्मी को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

निकिता के पिता जसपाल बजाज ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई समेत निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में