वेलकम हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का सहयोगी हरियाणा से गिरफ्तार

वेलकम हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का सहयोगी हरियाणा से गिरफ्तार

वेलकम हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का सहयोगी हरियाणा से गिरफ्तार
Modified Date: May 26, 2026 / 08:44 pm IST
Published Date: May 26, 2026 8:44 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने इस साल के शुरू में वेलकम इलाके के एक कैफे में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के सिलसिले में हाशिम बाबा गिरोह से जुड़े 28-वर्षीय कथित शूटर को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान रुहैल उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर का निवासी है। वह 23 जनवरी को वेलकम इलाके के एक कैफे में फैजान उर्फ फज्जी की हत्या में कथित तौर पर शामिल था।

जांचकर्ताओं के अनुसार, पीड़ित के साथ अचानक हुए झगड़े के बाद रुहैल ने अपने साथियों, मोइन कुरैशी और सुहैल, के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया था। पीड़ित ने कथित तौर पर मोइन कुरैशी के पिता को उनके पहले नाम से बुलाया था।

पुलिस ने बताया कि रुहैल गैंगस्टर हाशिम बाबा का करीबी सहयोगी है। कई महीनों तक फरार रहने के बाद दिल्ली की एक अदालत ने उसके खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “गैंगस्टर राशिद केबलवाला से जुड़े मोइन कुरैशी को विशेष प्रकोष्ठ ने मुठभेड़ के तुरंत बाद ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि बाकी आरोपी गिरफ्तारी से बच रहे थे।”

जांचकर्ताओं ने पाया कि रुहैल गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलता रहता था और भूमिगत था।

विशिष्ट सूचना के आधार पर, पुलिस ने 24-25 मई की दरमियानी रात को करनाल में छापा मारा और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान, रुहैल ने कथित तौर पर बताया कि वह बढ़ई का काम करता था और उसकी शिक्षा सीमित थी।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली में आपराधिक तत्वों के संपर्क में आने के बाद वह शुरू में चोरी से संबंधित अपराधों में शामिल हुआ और बाद में अधिक गंभीर अपराध करने लगा।

पुलिस के मुताबिक, उसके आपराधिक इतिहास में दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दर्ज चोरी और अवैध हथियार रखने से संबंधित मामले शामिल हैं।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में