भीषण गर्मी: दिल्ली सरकार ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की

भीषण गर्मी: दिल्ली सरकार ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की

भीषण गर्मी: दिल्ली सरकार ने राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की
Modified Date: April 29, 2026 / 09:52 pm IST
Published Date: April 29, 2026 9:52 pm IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के मद्देनजर विभिन्न उपायों को लागू करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर बुधवार को नोडल उष्ण अधिकारी नामित किए।

राजस्व सचिव एवं मंडल आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के विशेष मुख्य कार्यकारी अधिकारी को राज्य का मुख्य उष्ण अधिकारी नामित किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि एसडीएम (डीडीएमए) जिला स्तर पर गर्मी प्रबंधन के लिए नोडल उष्ण अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों से दोपहर एक बजे से शाम चार बजे के बीच काम न कराया जाए, स्कूलों में ओआरएस की व्यवस्था हो और चालक, परिचालक व यात्रियों के लिए बसों में ‘आइसबॉक्स’ रखे जाएं।

एक वरिष्ठ राजस्व अधिकारी ने कहा, ‘नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार के सभी निर्देशों, विशेष रूप से भीषण गर्मी से लोगों को राहत देने और उन्हें होने वाली किसी भी कठिनाई को रोकने के उपायों को तुरंत अमल में लाया जाए।’

गुप्ता ने कहा कि सरकार ने दिल्ली भर में 339 स्वास्थ्य केंद्रों को ओआरएस पैकेट, आइस पैक और संबंधित आपूर्ति से लैस किया है।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि चिकित्सा अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को भी गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है, जबकि आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए 330 एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है।

डीडीएमए के माध्यम से उष्ण कार्य योजना को लागू किया जा रहा है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में