भुवनेश्वर में भारी बारिश, कई जिलों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान

भुवनेश्वर में भारी बारिश, कई जिलों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान

भुवनेश्वर में भारी बारिश, कई जिलों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान
Modified Date: August 6, 2026 / 12:56 pm IST
Published Date: August 6, 2026 12:56 pm IST

भुवनेश्वर, छह अगस्त (भाषा) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में कई घरों के अंदर पानी घुस गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों के मुताबिक, शहर में बुधवार रात 11 बजे से बृहस्पतिवार तड़के तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान शहर में करीब 100 मिलीमीटर (मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा, मधुसूदन नगर में 107 मिमी और नयापल्ली इलाके में 97.2 मिमी बारिश हुई।

अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण जीजीपी कॉलोनी, लक्ष्मीसागर और शहीद नगर जैसे निचले इलाकों के निवासियों को जलभराव का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि शहीद नगर इलाके की झुग्गी बस्ती शांतिपल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक रही। इस इलाके के घरों में मध्यरात्रि के दौरान घुटनों तक बारिश का पानी घुस गया।

शांतिपल्ली बस्ती के एक निवासी ने बताया कि हालांकि, सुबह बारिश रुकने के बाद स्थिति में सुधार हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, रात में तारिणी बस्ती और जगन्नाथ बस्ती की झुग्गियों में भी पानी घुस गया।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार को क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहें) जारी किया है।

इसी तरह, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, सुंदरगढ़, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, नुआपाड़ा, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजाम जिलों में आज के लिए के लिए ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) जारी किया है।

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, इसके अलावा बृहस्पतिवार को राज्य भर के कई अन्य स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में