राजस्थान में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना

राजस्थान में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना

राजस्थान में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना
Modified Date: August 8, 2026 / 11:32 am IST
Published Date: August 8, 2026 11:32 am IST

जयपुर, आठ अगस्त (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर सक्रिय होने से राजस्थान में कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। सबसे अधिक नौ सेंटीमीटर बारिश अलवर के थानागाजी और चुरू के सादुलपुर/राजगढ़ में दर्ज की गई।

इस दौरान दौसा और पिलानी में आठ सेंटीमीटर, कोटकासिम, डीडवाना और सुजानगढ़ में सात-सात सेंटीमीटर तथा झुंझुनू के भुहाना, मलसीसर और चिड़ावा एवं अलवर के बहरोड़ में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश हुई। राज्य की राजधानी जयपुर, भरतपुर, सीकर और बीकानेर सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मानसून के सक्रिय रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

आठ से 10 अगस्त के दौरान भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आठ से 10 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने और मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

हालांकि, 15 अगस्त से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

भाषा पृथ्वी

प्रशांत सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में