राजस्‍थान के जोधपुर संभाग में भारी बारिश जारी, जल्द राहत की उम्मीद

राजस्‍थान के जोधपुर संभाग में भारी बारिश जारी, जल्द राहत की उम्मीद

राजस्‍थान के जोधपुर संभाग में भारी बारिश जारी, जल्द राहत की उम्मीद
Modified Date: November 29, 2022 / 09:01 pm IST
Published Date: July 28, 2022 11:07 am IST

जयपुर, 28 जुलाई (भाषा) राजस्‍थान के जोधपुर संभाग में जोरदार बारिश का दौर जारी है, जहां लोहावट में सर्वाधिक 135 मिमी दर्ज की गई। लगातार बारिश से जोधपुर शहर व उसके आसपास के क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ, स्‍कूल बंद हैं और अनेक ट्रेन भी रद्द की गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में बारिश की गतिविधियां कम होने से लोगों को राहत मिल सकती है। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक जोधपुर शहर में 73.1 म‍िमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्‍य में सबसे अधिक 135 म‍िमी बारिश जोधपुर के लोहावट में हुई। जोधपुर संभाग के ही भोपालगढ़ तथा फलोदी में 66 म‍िमी बारिश दर्ज की गई है। इनके अलावा जोधपुर संभाग के अन्य क्षेत्रों में मध्यम बारिश हुई।

विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार से जोधपुर में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 29-30 जुलाई को जोधपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व मौसम के मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है।

राजधानी जयपुर व उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटे में अच्‍छी खासी बारिश हुई। इस दौरान जयपुर के फुलेरां में नौ सेंटीमीटर, अलवर के रामगढ़ में आठ सेंटीमीटर, जयपुर के सांगानेर में छह सेंटीमीटर बारिश हुई। जैसलमेर, बीकानेर, नागौर, सिरोही, अजमेर तथा भरतपुर जिलों में भी हल्‍की से मध्‍यम दर्ज की बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से अनेक जगह जनजीवन प्रभावित हुआ है। अनेक सड़कें व रेल पटरियां जलमग्न हो गई हैं।

जोधपुर संभाग में भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर जलभराव को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने बुधवार को 12 ट्रेन पूरी तरह रद्द की थीं, जबकि छह को आंशिक रूप से रद्द किया गया था। वहीं, सात ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया था। जोधपुर जिले में सभी राजकीय और निजी विद्यालय 26 से 28 जुलाई तक बंद हैं।

भाषा पृथ्‍वी गोला निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में