कर्नाटक में भारी बारिश से जल संकट से जुड़ी चिंताएं कम हुई, तीन लोगों की मौत

कर्नाटक में भारी बारिश से जल संकट से जुड़ी चिंताएं कम हुई, तीन लोगों की मौत

कर्नाटक में भारी बारिश से जल संकट से जुड़ी चिंताएं कम हुई, तीन लोगों की मौत
Modified Date: August 2, 2026 / 11:46 am IST
Published Date: August 2, 2026 11:46 am IST

बेंगलुरु, दो अगस्त (भाषा) कर्नाटक में भारी बारिश के कारण कावेरी घाटी के जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है, जिससे जल संकट को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। वहीं, बारिश से शिवमोग्गा जिले में तीन लोगों की मौत हो गई और मलनाड क्षेत्र में रेल यातायात प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, शिवमोग्गा जिले में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगरू गांव निवासी मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेनी (28) और उनके बेटे संतोष (3) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ये तीनों तीर्थहल्ली तालुक के इंदिरा नगर स्थित अपने शेड में सो रहे थे, तभी रात करीब ढाई बजे पहाड़ी का एक हिस्सा उनके घर पर गिर गया।

पड़ोसी शेड में रहने वाला एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर मलबे से शवों को बाहर निकाला।

अधिकारियों के मुताबिक, भारी बारिश के कारण हासन जिले के सकलेशपुर तालुक में एडाकुमारी और श्रीबागिलु रेलवे स्टेशनों के बीच भूस्खलन हुआ, जिससे पटरियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस वजह से बेंगलुरु को मंगलुरु, कारवार, कोझिकोड, मुरुदेश्वर और विजयपुरा से जोड़ने वाली सात रेल सेवाओं को निलंबित करना पड़ा।

इस बीच, केरल और कावेरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश से कर्नाटक के जलाशयों में जल भंडारण में काफी सुधार हुआ है।

अधिकारियों ने कहा कि जलाशयों में बढ़ी आवक से कावेरी जल बंटवारे विवाद के बीच पानी की उपलब्धता को लेकर चिंताएं कम हुई हैं।

भाषा

प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में